स्वामी विवेकानंद जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को भव्य काव्यगोष्ठी एवं नागरिक अभिनंदन समारोह

बलिया। महान चिंतक, युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती की पूर्व संध्या पर जनपद बलिया के सिकंदरपुर तहसील अंतर्गत डूहां बिहरा स्थित परमहंस आश्रम में भव्य काव्यगोष्ठी एवं नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन 11 जनवरी 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे से किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमहंस आश्रम के श्री शिवेंद्र ब्रह्मचारी जी (उड़िया बाबा) करेंगे। समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कवि, लेखक एवं समीक्षक श्री राजेश सिंह ‘श्रेयस’ (लखनऊ) होंगे, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. आदित्य कुमार ‘अंशु’ द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के विचारों, राष्ट्र निर्माण, युवा चेतना और सामाजिक सरोकारों को स्वर देंगे। आमंत्रित कवियों में डॉ. भोला प्रसाद ‘आग्नेय’, श्री प्रभाकर शुक्ल ‘पपीहा’, श्री राजेंद्र विद्रोही, श्री रमाशंकर ‘मनहर’, श्री नंद जी नंदा, श्री जितेंद्र स्वाध्यायी, श्री जितेंद्र त्यागी, डॉ. गयाशंकर ‘प्रेमी’ सहित अन्य कवि शामिल होंगे।
आपको बताते चलें कि स्वामी विवेकानंद का जन्मदिन, 12 जनवरी, भारत में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, क्योंकि युवाओं की क्षमता में उनका अटूट विश्वास था। उनका प्रसिद्ध नारा था "उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए"।
उनकी शिक्षाएं और दर्शन आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं और उन्हें "भारत के महानतम नेताओं में से एक" माना जाता है।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल साहित्यिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी बनेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, बुद्धिजीवियों एवं स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

विज्ञापन