बेल्थरा रोड, बलिया। बेल्थरा रोड के एक दुकानदार पर गांव के ही कुछ लोगों ने घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया। घायल की स्थिति अत्यंत ही गंभीर है और वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है।
घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। बेल्थरा रोड से अपनी दुकान बंद कर अशोक जायसवाल अपने घर अवायां जा रहे थे कि पहले से ही घात लगाकर गांव के ही कुछ लोगों ने बिठुवां नहर के सामने गाली गलौज के बाद लात घुंसों एवं लोहे की राॅड से हमला कर दिया, हमले में अशोक जायसवाल बुरी तरह घायल हो गए। हमलावर अशोक को बुरी तरह घायल कर फरार हो गए।
कुछ देर बाद अशोक का भतीजा जब अपनी दुकान बंद उसी रास्ते से घर जा रहा तो अपने चाचा को मरणासन्न अवस्था में पाया। भतीजे ने अपने घर सूचना दी और गंभीर रूप ले घायल चाचा को आस-पास के लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। सूचना पर 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी ली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर में अशोक का प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति अत्यंत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों ने स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया जहां उनका इलाज जारी है परिजनों के अनुसार अशोक के सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई है।
घायल अशोक जयसवाल की पत्नी साधना देवी ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपियों पर उनके पति की हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें धमकी दे रहा है जिससे पूरा परिवार दहशत में है।



