बलिया में शमसुद्दीनपुर राजभर बस्ती की जर्जर सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

अमृत काल में भी विकास से अछूता गांव 

बलिया। जनपद बलिया के विकास खण्ड सीयर के शमसुद्दीनपुर गांव की राजभर बस्ती में सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समशुद्दीनपुर गांव की राजभर बस्ती जिसे आसपास के क्षेत्र के लोग सोनबरसा कहते हैं विकास के अमृत काल में भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इस बस्ती तक आने जाने का एक मात्र रास्ता आज इतना जर्जर हो चुका है कि आप पैदल भी सुरक्षित नहीं चल सकते। आये दिन इस रास्ते से गुजरते लोग चोटिल होते रहते हैं, बरसात के दिनों में स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को कई बार चारपाई पर लादकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। महिलाओं को प्रसव पीड़ा के समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और समय पर अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। जनप्रतिनिधियों की इस बस्ती के प्रति उदासीनता समझ से परे है। इस गंभीर समस्या को लेकर सुभासपा आईटी सेल बलिया के उपाध्यक्ष पंकज राजभर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर को एक पत्र लिखकर अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द पक्की सड़क बनवाने की मांग की है। 
इस पत्र के माध्यम से अपनी मांग रखने वालों में प्रमुख रूप से जीउत राजभर, किशन राजभर, बेचू राजभर, अमित कुमार, वीरेंद्र राजभर, सतेंद्र चौहान और पंकज राजभर, कांता राजभर, रामू, रामजीत चौहान सहित कई ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


 
विज्ञापन