बलिया। साइबर अपराधियों के चंगुल में फंसे आम लोगों के लिए बलिया पुलिस की साइबर टीम उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। थाना गड़वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति के खाते से धोखाधड़ी कर निकाली गई 90 हजार रुपये की संपूर्ण धनराशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की है। अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर पीड़ित ने बलिया पुलिस का आभार जताया है।
जानकारी के अनुसार, थाना गड़वार के ग्राम बाराबाँध रतसर कलां निवासी भूपेन्द्र कुमार यादव पुत्र देवमुनी यादव के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से बीते 18 अक्टूबर 2025 को अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी तरीके से 90 हजार रुपये उड़ा लिए थे। पीड़ित ने इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल साइबर हेल्पलाईन नंबर 1930 और थाना गड़वार में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर सेल) कृपा शंकर के निर्देशन में गड़वार पुलिस ने त्वरित विधिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने ठगी गई धनराशि को संबंधित बैंक स्तर पर होल्ड कराया। कानूनी प्रक्रिया और माननीय न्यायालय के आदेश के क्रम में 13 जनवरी 2026 को पीड़ित भूपेन्द्र कुमार यादव के खाते में पूरी धनराशि 90 हजार रुपये वापस आ गई।
इस सफल रिकवरी में थानाध्यक्ष गड़वार हितेश कुमार, साइबर प्रभारी उ.नि. अब्दुल हफीज, कंप्यूटर ऑपरेटर हे.का. भीम कुमार, और साइबर हेल्प डेस्क के आरक्षी विवेक कुमार, अजीत कुमार व लवकुश गुप्ता की मुख्य भूमिका रही।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना देरी किए गोल्डन आवर (शुरुआती एक-दो घंटे) के भीतर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने के साइबर डेस्क को सूचित करें। समय पर दी गई सूचना से पैसा वापस मिलने की संभावना शत-प्रतिशत रहती है।



