बलिया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने हेतु 22 फरवरी 2026 (रविवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के सभी पदाभिहित स्थलों/मतदेय स्थलों पर आवश्यक स्टाफ पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त करेगा।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने-अपने बूथ पर समय से पहुंचकर प्रकाशित निर्वाचक नामावली में अपना तथा अपने परिवार के पंजीकृत सदस्यों के नाम की जांच कर लें। यदि नाम, पता, आयु आदि में कोई त्रुटि हो या नाम जुड़वाने/हटवाने से संबंधित कोई दावा या आपत्ति हो, तो उसी दिन संबंधित प्रपत्र भरकर जमा करें। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सुनिश्चित किया जा सके।



