बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि जन समस्याओं के त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित होने वाले “सम्पूर्ण समाधान दिवस” के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। निर्गत कार्यक्रम के अनुसार 21 फरवरी 2026 (तृतीय शनिवार) को तहसील बैरिया में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित होना था। साथ ही अपराह्न 3:00 बजे से तहसील बैरिया एवं 4:30 बजे से विकास खण्ड बैरिया के निरीक्षण का कार्यक्रम भी निर्धारित था। किन्तु अपरिहार्य कारणोंवश कार्यक्रम में परिवर्तन करते हुए अब 21 फरवरी 2026 को तहसील बैरिया के स्थान पर तहसील रसड़ा में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा।
7 मार्च को बैरिया में आयोजित होगा सम्पूर्ण समाधान दिवस
7 मार्च 2026 को तहसील रसड़ा के स्थान पर तहसील बैरिया में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा।इसके अतिरिक्त 21 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी द्वारा अपराह्न 3:00 बजे से तहसील रसड़ा एवं 4:30 बजे से विकास खण्ड रसड़ा का निरीक्षण भी किया जाएगा। तहसील बैरिया एवं विकास खण्ड बैरिया के निरीक्षण की नई तिथि अलग से सूचित की जाएगी।
21 फरवरी 2026 को तहसील बैरिया में आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी, बलिया द्वारा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग सुनिश्चित करें। साथ ही उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं खण्ड विकास अधिकारी, रसड़ा को निरीक्षण के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।



