मऊ। प्रसिद्ध चिकित्सक, निदेशक शारदा नारायण हाॅस्पिटल डॉ संजय सिंह, डॉ एकिका सिंह, डॉ सुजीत सिंह व डॉ मधुलिका सिंह ने रविवार देर शाम मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवा, समस्या और निराकरण पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य विषयों पर हुई विस्तार से चर्चा के साथ ही मुख्यमंत्री ने इस दिशा में सार्थक पहल का आश्वासन दिया।
डॉ संजय सिंह ने मऊ, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर और देवरिया सहित आर्थिक रुप से पिछड़े जिलों में स्वास्थ्य ढांचा को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा की गई सार्थक पहल पर धन्यवाद देते हुए इसके विकास की दिशा में चर्चा किया। इस पर मुख्यमंत्री ने ट्रामा सेंटर में मरीजों की संख्या को बढ़ाने सहित अन्य सुविधाओं के विकास पर बल दिया। इस दौरान डॉ सुजीत सिंह ने जननायक चंद्रशेखर हाॅस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट में कैंसर रोगियों के उपचार की दिशा में हो रहे प्रयासों की जानकारी प्रदान की। मुख्यमंत्री जी ने गंभीर कैंसर रोगियों के चरणबद्ध उपचार की व्यवस्था पर बल देते हुए यथोचित सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ एकिका सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं बालिका कल्याण की दिशा में योगी सरकार के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रसंशा करते हुए माननीय मुख्यमंत्री को आभार ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी दिनों में जननायक चंद्रशेखर हास्पिटल के विकास की दिशा में सार्थक सहयोग के साथ ही शीघ्र आगमन की बात कही।



