बेल्थरा रोड, बलिया। विकास की रफ्तार और बजट के सदुपयोग के मामले में जनपद बलिया के सीयर ब्लॉक ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आजमगढ़ मंडल की मंडलीय समीक्षा बैठक में सीयर ब्लॉक को विकास कार्यों हेतु प्राप्त राशि को जनहित में खर्च करने के मामले में पूरे मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
शत-प्रतिशत बजट खर्च कर बना नंबर-1
आजमगढ़ मंडल के आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्रीय वित्त आयोग और राज्य वित्त आयोग द्वारा प्राप्त कुल धनराशि को सीयर ब्लॉक ने विकास कार्यों पर शत-प्रतिशत खर्च किया है। मंडल के कुल 48 ब्लॉकों की सूची में सीयर ने शीर्ष स्थान हासिल कर अन्य ब्लॉकों के सामने मिसाल पेश की है।
ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह ने अधिकारियों और प्रधानों को दिया सफलता का श्रेय
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता पर रखना ही उनकी विशिष्ट कार्यशैली है। उन्होंने कहा, "यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सामूहिक प्रयास का परिणाम है। मैं इसके लिए ब्लॉक के अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी ग्राम प्रधानों के सक्रिय योगदान की सराहना करता हूँ।" उन्होंने संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी विकास का यह रिकॉर्ड बरकरार रखा जाएगा।
विकास कार्यों को मिली नई गति:
गौरतलब है कि ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह अपनी सक्रियता और सर्वांगीण विकास की सोच के लिए जाने जाते हैं। मंडल में प्रथम स्थान मिलने से सीयर ब्लॉक के ग्राम प्रधानों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि पारदर्शी तरीके से बजट के आवंटन और समयबद्ध कार्यों की वजह से ही मंडल स्तर पर यह सम्मान मिला है।



