बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिये चलाये जा रहे अभियान के क्रम में जनपद बलिया पुलिस की नगरा थाना टीम ने जनपद के विभिन्न थानों में वांछित चल रहे बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल ने देर रात एक वीडियो बयान जारी कर घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार (07.02.2026) को रात लगभग 21.43 बजे खरूआंव पोखरे के पास थाना नगरा टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया परन्तु बिना रुके पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया जिसे पुलिस टीम द्वारा घेर लिया गया अपने को पुलिस से घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही में बदमाश रुदल नट पुत्र तुफानी नट निवासी नकहरा थाना गड़वार जनपद बलिया उम्र करीब 25 वर्ष के बाएं पैर में गोली लगी है ।
पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि घायल बदमाश द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर दिनांक 4 व 5 जनवरी 2026 की रात्रि में सुखपुरा बुढ़वा मंदिर से शिवलिंग व नाग चोरी किया था, 11 जनवरी 2026 की रात्रि को बंगला चट्टी थाना गड़वार से एक टुल्लू पम्प चोरी किया था, 17 व 18 दिसंबर 2025 की रात्रि ग्राम सवन के कम्पोजिट विद्यालय से ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैट्री, गैस सिलेंडर और काफी सामान चोरी किया था, तथा दिनांक 14 व 15 नवंबर 2025 की रात को नगरा पुराने दुर्गा मंदिर से मन्दिर का ताला तोड़कर मूर्ति से एक मुकुट तथा नथिया व दान पेटी से रुपये चोरी किया था । घायल बदमाश रूदल नट जिसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नगरा कराया गया। पकड़े गये बदमाश रूदल नट के कब्जे से एक अदद तमंचा नाजायज .315 बोर मय 1 अदद खोखा कारतूस मय एक अदद जिन्दा कारतूस व एक सफेद धातु का टुकडा वजन करीब 63.43 ग्राम बरामद किया गया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लायी जा रही है।



