बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के कुशल निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के निकट पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में थाना उभांव पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाले आरोपित वन दरोगा उग्रसेन कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बलिया पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार आज मंगलवार (24.02.2026) को थाना उभांव उ०नि० मुकेश कुमार व हमराह का० अजीत कुमार गुप्ता द्वारा मुखबिर की सूचना पर उभांव थाने में पंजीकृत मु०अ०सं० 42/2026 धारा 69,351(3) बीएनएस से सम्बन्धित अभियुक्त उग्रसेन कुमार जयसवाल पुत्र कन्हैया लाल निवासी करीमगंज थाना उभांव जनपद बलिया को मधुबन ढाला के पास गिरफ्तार कर किया गया।
आपको बताते चलें कि उभांव थाने में तहरीर देकर पीड़िता द्वारा वन दरोगा उग्रसेन कुमार जायसवाल पर आरोप लगाया गया है कि उसने उसे शादी झांसा देकर 8 महीने तक शारीरिक शोषण किया, विरोध करने पर वन दरोगा ने जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के बाद भी पुलिस द्वारा न्याय नहीं मिलने पर युवती ने हताश होकर अपने शरीर में आग लगाकर और फिर पोखरे में कूदकर जान देने की भी कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और सीयर पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश कुमार की तत्परता से युवती की जान बच गई।
उभांव पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय बलिया भेज दिया गया।



