बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में उभांव थाना प्रभारी संजय शुक्ला के नेतृत्व में उभांव थाना पुलिस ने एक माह पूर्व गायब किशोर को कर्नाटक से बरामद कर विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए आज परिजनों को सौंप दिया।
आपको बताते चलें कि लगभग एक माह पहले स्कूल जाने के लिए निकला 15 वर्षीय किशोर आदित्य कुमार साहनी रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। परिजनों की चिंता और तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया।
बलिया पुलिस ने अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया, जिससे पता चला कि बालक गैर प्रांत कर्नाटक में है। बिना समय गंवाए उभांव पुलिस की टीम ने कर्नाटक पहुंचकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक सुधीर चौहान, कांस्टेबल अजीत यादव और अरविंद यादव की भूमिका बेहद सराहनीय रही। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को आज उसके पिता श्रवण कुमार साहनी को सौंप दिया गया। साहनी परिवार ने परिजनों के चेहरे पर लौटी इस मुस्कान के लिए बलिया पुलिस टीम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त किया है।



