बलिया, 20 मार्च 2026। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने आज शुक्रवार को विकास खण्ड मनियर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान ब्लॉक परिसर की बुनियादी सुविधाओं, कार्यालय के रख-रखाव और जन-सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
ब्लाॅक मुख्यालय तक 16 फीट चौड़ी सीधी सड़क का होगा निर्माण
निरीक्षण के दौरान सी.डी.ओ. ने पाया कि ब्लॉक मुख्यालय तक पहुँचने वाला रास्ता अत्यंत संकरा और घुमावदार है, जिससे आम जनमानस को कठिनाई होती है। इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि वे ब्लॉक प्रमुख और स्थानीय काश्तकारों के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि ब्लॉक तक 16 फीट चौड़ी सीधी सड़क का निर्माण कराया जा सके।
अप्रैल से शुरू होगा जीर्णोद्धार कार्य
कार्यालय की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से परिसर के रेनोवेशन (जीर्णोद्धार) का कार्य पूर्व से प्रस्तावित है। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नवीनीकरण का कार्य आगामी अप्रैल माह से अनिवार्य रूप से प्रारंभ कर दिया जाए।
मीटिंग हॉल का होगा सुदृढ़ीकरण बैठकों के सुचारू संचालन हेतु सीडीओ ने मीटिंग हॉल में आधुनिक लाइट व्यवस्था और स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि कक्ष की पहचान और उपयोगिता सुनिश्चित हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को सचेत किया कि विकास कार्यों और कार्यालय प्रबंधन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समयबद्ध तरीके से सभी सुधार कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।



