विकास खंड नवानगर पहुंचे सीडीओ के औचक निरीक्षण में मिली खामियां, सुधारने के दिये सख्त निर्देश

बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज द्वारा आज शुक्रवार को विकास खंड नवानगर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय के विभिन्न पटल और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 
निरीक्षण के दौरान जनरेटर रूम में भारी मात्रा में निष्प्रयोजन (unusable) सामग्री और कबाड़ रखा पाया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जनरेटर रूम खाली करने और कबाड़ के उचित निस्तारण के निर्देश दिए।
ब्लॉक परिसर की बाउंड्री वॉल कई स्थानों से टूटी हुई पाई गई, जिससे परिसर की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। सीडीओ ने इसे गंभीरता से लेते हुए बाउंड्री वॉल की तत्काल मरम्मत (repair) कराने हेतु निर्देशित किया।
विकास खंड में किसी भी मीटिंग हॉल की उपलब्धता न होने पर, मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लॉक स्तर पर विभागीय बैठकों और कार्यक्रमों के आयोजन हेतु एक आधुनिक मीटिंग हॉल के निर्माण का प्रस्ताव (Proposal) शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परिसर की स्वच्छता व रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

विज्ञापन