बेल्थरा रोड, बलिया। भीमपुरा थाना अंतर्गत गोविंद पुर दुगौली गांव में 20 मार्च की रात्रि में हुई बंधु यादव हत्याकांड का आज भीमपुरा ने सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बलिया पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार वादी द्वारा थाना भीमपुरा पर तहरीर दिया गया कि वादी के पिता जी बेल्थरा रोड में मोबिल एजेन्सी पर काम करते थे, 20 मार्च 2026 को शाम को काफी देर तक घर वापस नहीं आये तो वह अपने चाचा के साथ अपने निवास ग्राम गोविन्द पुर दुगौली से अखोप थाना उभांव तक खोज बीन किया, लेकिन नहीं मिले। वापस आते समय रास्ते में ग्राम सरयां डीहू भगत में वादी के पिता की लाश मिली जिसके बाबत वादी की लिखित तहरीर पर थाना भीमपुरा में मु०अ०सं० 45/26 धारा 103-1 बीएनएस पंजीकृत किया गया। घटना के सफल अनावरण हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा तीन टीमें लगाई गई थीं ।
विवेचना के क्रम में हत्या करने वाले कुल दो अभियुक्तों का नाम प्रकाश में आया । जिस सम्बन्ध में आज शनिवार (28.03.2026) को थानाध्यक्ष अखिलेश चन्द्र पाण्डेय व हमराहियों मुखबिर की सूचना पर उपरोक्त मुकदमे से सम्बन्धित अभियुक्तों नीरज यादव पुत्र प्रभु यादव निवासी तेंदुआ पाही थाना उभांव जनपद बलिया (उम्र करीब 20 वर्ष) और मुकेश यादव उर्फ जज पुत्र भोला यादव निवासी तेंदुआ पाही थाना उभांव जनपद बलिया (उम्र करीब 20 वर्ष) को प्रातः करीब 03.25 बजे गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार अभियुक्तों की कब्जे/निशानदेही पर एक आला कत्ल चाकू और उनके पास से 300 रुपए बरामद किया गया।गिरफ्तारी/बरामदगी के आधार पर मुकदमा उपरोक्त में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना भीमपुरा द्वारा विधिक कार्यवाही पूर्ण कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के क्रम में बताया कि बन्धु यादव पुत्र रामाशंकर यादव निवासी गोविन्दपुर दुगौली थाना भीमपुरा जनपद बलिया से कुछ दिन पहले हम दोनों की लडाई हो गयी थी जिसमें बन्धु यादव द्वारा अपने परिवार वालों के साथ मिलकर हम लोगों को मारा-पीटा गया था। जिस बात को लेकर हम दोनों की बहुत बेइज्जती हुई थी, हम लोग उनसे बदला लेना चाहते थे हम लोग कई दिनों से उनकी रेकी कर रहे थे कि वो कितने बजे ड्युटी से आते हैं । 20 मार्च 2026 को रात्रि में करीब 10.00 बजे हम दोनों बन्धु यादव के घर पर जाने वाले रास्ते पर उनके आने का इंतजार कर रहे थे कि जैसे ही बन्धु यादव रास्ते में आते हुए दिखाई दिये रोककर हम दोनों नें चाकू से उन्हें मार दिया। मारकर हम लोग खेत के रास्ते भाग गये ताकि हम लोगों को कोई देख न ले।
घटना का अनावरण और गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भीमपुरा अखिलेश चन्द्र पाण्डेय, उ०नि० धर्मवीर यादव, उ०नि० मो० वहीद, का० रवि प्रकाश यादव, का० आकाश कुमार और का० घनश्याम यादव शामिल रहे।



