बेल्थरा रोड, बलिया। आज रविवार को सीएमबी इंटरनेशनल स्कूल पिपरौली बड़ागांव, बेल्थरा रोड में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
विद्यालय के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत डीएवी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता और सीएमबी इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक श्रीकांत यादव द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विद्यालय के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश किए गए। इनमें समूह नृत्य, स्वागत गीत, "गुड टच-बैड टच", सामुहिक कव्वाली, नौ दुर्गा के नौ रूप, अंग्रेजी दास्तां से मुक्ति के लिए झांसी की रानी लक्ष्मी बाई के बलिदान सहित कई प्रसंग और प्रहसन शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आद्या शंकर यादव ने कहा कि बच्चों की सांस्कृतिक प्रतिभा से पता चलता है कि विद्यालय में पठन-पाठन के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतिभा को तराशने का काम बड़े ही शिद्दत से किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय परिवार के सहयोग की सराहना की। साथ ही साथ अभिभावकों को भी अपने बच्चों को घर पर एक अभिभावक के साथ-साथ एक शिक्षक-शिक्षिका के रूप में पेश होने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि बेटे-बेटी का भेद नहीं करना चाहिए। एक दिन में कोई डीएम, एसपी, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता आदि नहीं बन सकता, इसके लिए अभिभावकों को अपनी भौतिक सुख सुविधाओं का त्याग कर बच्चों के भविष्य निर्माण में लगना होगा।
वहीं विशिष्ट अतिथि समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश सचिव आनंद यादव ने कहा कि शिक्षक जीवन की अमूल्य निधि हैं, बच्चे इस देश की नींव हैं और शिक्षक इस नींव के निर्माता। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक व डीएवी इंटर कालेज के पूर्व प्रवक्ता श्रीकांत यादव और विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुनील यादव के इस विद्यालय के विकास के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यालय परिवार सहित बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह को व्यापारी नेता मोहन सिंह वर्मा, समाजसेवी शैलेंद्र ध्रुव, विद्यालय की प्रधानाचार्या संहिता सिंह, उप प्रधानाचार्य अमरजीत राजभर ने भी संबोधित किया।
अंत में विद्यालय के प्रबंध निदेशक सुनील यादव ने समारोह में आए हुए आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के सिटी ब्रांच और मुख्य ब्रांच के बच्चों द्वारा दिखाई गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यालय के अध्यापक- अध्यापिकाओं, विद्यालय के गैर शैक्षणिक कर्मियों और स्थानीय पत्रकारों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामानंद तिवारी तथा वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का शानदार संचालन संदीप कुमार, दीपक मौर्य और डॉ० कन्हैया यादव ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप नागेंद्र यादव, गौरव शंकर यादव, सोनू यादव, अध्यापक सुनील कुमार यादव, गुलाब चंद शर्मा, मनीष भारद्वाज, राकेश तिवारी, राजेश यादव, राजेंद्र कुमार, चंदन राजभर, श्रीमती आरती सिंह, रेखा सिंह, निशा सिंह, मिस साहिबा, अनम, जया, रोजी, महिमा, मोहिनी, कुमकुम, जागृति, अभिलाषा, शालिनी, इलिमी, रिया जायसवाल, आकांक्षा सहित विद्यालय के बच्चों सहित हजारों लोग मौजूद रहे।



