बलिया में ईद, नवरात्रि व रामनवमी पर सुरक्षा कड़ी, शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील के साथ पुलिस बल का फ्लैग मार्च,

बलिया। आगामी पर्व ईद, नवरात्रि एवं रामनवमी को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख क्षेत्रों, रेलवे स्टेशन एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ व्यापक पैदल मार्च एवं गश्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा भ्रमण के दौरान संवेदनशील एवं चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित कराई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील भी की गई।
इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारियों द्वारा पर्याप्त पुलिस बल के साथ शहर, बाजार, प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर लगातार पैदल गश्त की जा रही है। गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना और सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

विज्ञापन