बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के आदेश के क्रम में 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय बलिया में प्रशासनिक अधिकारियों और जनपद के विभिन्न बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय कुमार गोंड ने की। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को व्यापक रूप से सफल बनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया और इसके प्रचार- प्रसार को बढ़ाने पर जोर दिया गया। अपर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित नगर मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा को उनके क्षेत्राधिकार से संबंधित मामलों का अधिक से अधिक सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने का सुझाव दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित क्षेत्राधिकारी नगर मोहम्मद उस्मान को निर्देशित किया गया कि न्यायालयों और जनपद के बैंकों द्वारा जारी नोटिसों और सम्मनों की अधिक से अधिक तामिला सुनिश्चित कराई जाए, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों का निस्तारण संभव हो सके। बैठक में उपस्थित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एनपीए खातों से संबंधित नोटिस शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे उन्हें समय से तामिला कराया जा सके। साथ ही स्थानीय स्तर पर लोक अदालत का व्यापक प्रचार- प्रसार कर आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने और सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों के निस्तारण के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर मोहम्मद उस्मान, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक साहिल खान, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक राजेश कुमार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक भोला पाठक, लीड बैंक मैनेजर सुशील कुमार, यूको बैंक के प्रबंधक अनिल कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक रंजीत दत्ता, एक्सिस बैंक के प्रतिनिधि सोनू यादव तथा एडीएम कार्यालय के सहायक अखिलेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



