नहीं रहे पूर्व सांसद और उ० प्र० सरकार के पूर्व मंत्री हरिनारायण राजभर, लखनऊ में ली अंतिम सांस

मऊ / बलिया। घोसी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर का निधन हो गया है। उन्होंने आज लखनऊ में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थकों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हरिनारायण राजभर का जन्म 1 जनवरी 1950 को बलिया जिले के बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के टंगुनियां गांव में हुआ था। वे लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहे और उन्होंने क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई।
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने घोसी लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्होंने बहुजन समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को हराया था।
अपने राजनीतिक जीवन के दौरान, हरिनारायण राजभर ने समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता स्व० शारदा नंद अंचल को हराकर उत्तर प्रदेश सरकार में कारागार, लघु सिंचाई और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण प्रयास किए, जिससे वे जनता के बीच लोकप्रिय रहे।
उनके निधन की सूचना मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके समर्थकों ने बताया कि उन्होंने हमेशा आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाया और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
फिलहाल उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। उनके निधन को न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पूर्वांचल की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
वहीं घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय ने पूर्व सांसद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

विज्ञापन