ससुर अस्पताल में जीवन और मृत्यु से कर रहा संघर्ष, एसपी ने हमलावर दामाद की गिरफ्तारी के लिए बनाईं तीन टीमें
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव में बीती रात एक दामाद ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और सास की चाकू घोंपकर बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अमित कुमार गुप्ता, जो गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचौर का रहने वाला है, रात में अपने ससुराल पहुंचा था। किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया जब पत्नी को बचाने के लिए सास सुशीला देवी और ससुर आगे आए, तो आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में पत्नी और सास की मौके पर ही मौत हो गई। घायल ससुर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अवगत कराया कि शनिवार रविवार की दरमियानी रात (25/26.04.2026) थाना नगरा के एक गांव से सूचना प्राप्त हुई थी कि वहां चाकू बाजी हुई है, इस सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी नगरा मौके पर पहुंचे थे तो जानकारी हुई थी कि एक अमित कुमार गुप्ता नाम का लड़का है, जो मूल रूप से सिंहाचौर गड़वार थाने का रहने वाला है, जिसकी ससुराल बछईपुर गांव नगरा में थी, उसके द्वारा रात्रि में आकर अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद होने के कारण पहले अपने पत्नी पर हमला किया, उसके बाद जब उसके सास-ससुर बचाने आये तो उस पर भी हमला किया, इस घटना में जो आरोपी अमित कुमार है, उसकी पत्नी और उसकी सास सुशीला देवी की मृत्यु हो गई है तथा उसके घायल ससुर को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें बेहतर इलाज हेतु वाराणसी रेफर किया गया है और अभी तक उनकी स्थिति सही बताई जा रही है । इसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई है तथा इसके सभी संभावित स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही हैं, मौके पर स्वाट/सर्विलांस टीम/फील्ड यूनिट व क्षेत्राधिकारी रसड़ा घटना स्थल पर मौजूद हैं। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है ।



