बेल्थरा रोड, बलिया। अंबेडकर जयंती के अवसर पर पूर्व विधायक गोरख पासवान ने तहसील क्षेत्र ककरासो ग्राम सभा पहुंचकर अपनी पूरी टीम के साथ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। इसके बाद पूर्व विधायक ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शिक्षा को अपनाएं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें।
अपने संबोधन में गोरख पासवान ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान के शिल्पकार ही नहीं थे, बल्कि वे एक महान समाज सुधारक भी थे। उनके प्रयासों और योगदान की बदौलत आज देश में समानता, न्याय और भाईचारे की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाकर ही समाज को सशक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि “आज भारत की विविधता में एकता और अखंडता का जो स्वरूप दिखाई देता है, उसमें बाबा साहब के विचारों और संविधान की अहम भूमिका है।” इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे शिक्षा के माध्यम से खुद को मजबूत बनाएं और समाज के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।



