बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव श्री चंद्र प्रकाश तिवारी के आदेश पर श्रम विभाग के सहयोग से ग्राम कैथोली में मजदूरों के अधिकारों विषयक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया की ओर से पैरालीगल वालेंटियर प्रवीण कुमार चौबे ने उपस्थित मजदूरों को उनके विधिक एवं श्रमिक अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा एलएसएमएस पोर्टल तथा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 संचालित किया जा रहा है। इन सेवाओं के माध्यम से आमजन घर बैठे ही निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान मजदूरों को विभिन्न श्रम कानूनों, सरकारी योजनाओं तथा विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया। शिविर में ग्राम प्रधान राम प्रवेश साहनी, श्रम विभाग के कर्मचारी चंदन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मजदूर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।



