बेल्थरा रोड़ बलिया। जनपद के ग्राम सभा शाहपुर अफगां, नारायण कटरा (बाजार चौराहा) में 28 मई 2026 को निशाद जनरेशन इनोवेशन (NGI) यूथ ग्रुप द्वारा वीर एकलव्य सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों एवं राहगीरों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए ड्राइविंग करना, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना तथा शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है और इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। युवाओं को विशेष रूप से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित यात्रा अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में एनजीआई यूथ ग्रुप के सदस्यों द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर एवं संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। अभियान के आयोजकों ने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए।
इस दौरान संस्था के सदस्यों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की भी सलाह दी गई।
कार्यक्रम का संचालन विशाल कश्यप द्वारा किया गया जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रामदेव बिंद ने की। अभियान में मुख्य रूप से अजय कुमार बिंद, संतोष कुमार बिंद, प्रकाश बिंद, श्री लल्लूनी बिंद, प्रवीण कश्यप बिंद, जयकरण बिंद, इंद्रपाल बिंद, अनुप बिंद, विपिन बिंद तथा चंद प्रकाश बिंद सहित कई ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।
अभियान के अंत में सभी लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।



