जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त हुए डीएम, दुर्घटना स्थलों की सूची एक सप्ताह में मांगी

प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन चलेगा वाहन चेकिंग अभियान

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, एंबुलेंस व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में पिछले एक वर्ष में हुए सभी सड़क हादसों का विवरण तैयार किया जाए। जहां-जहां दुर्घटनाएं हुई हैं, उन स्थानों को चिन्हित कर जांच के बाद सूची एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए। 
लगातार दुर्घटना वाले स्थानों पर लगाए जाएंगे चेतावनी बोर्ड
डीएम ने कहा कि जिन स्थानों पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। बोर्ड पर दुर्घटना स्थल का नाम और दुर्घटना के प्रमुख कारण भी अंकित किए जाएं। उन्होंने जिले की सभी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) सड़कों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी बताया जाए कि किस सड़क पर कितनी एंबुलेंस संचालित हो रही हैं। एंबुलेंस के वाहन नंबर की सूची भी उपलब्ध कराने को कहा गया। डीएम ने निर्देश दिया कि एनएच-31 सहित फेफना, माल्देपुर और अन्य स्थानों पर जहां एंबुलेंस खड़ी होती हैं, वहां सूचना बोर्ड लगाए जाएं। इन बोर्डों पर एंबुलेंस का नंबर, सीयूजी नंबर और चालक का नाम अनिवार्य रूप से लिखा जाए। उन्होंने कहा कि जिस हाईवे पर दुर्घटना होती है, वहां संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम भी बोर्ड पर अंकित होना चाहिए, ताकि समय पर घायलों को सहायता मिल सके। जिलाधिकारी ने आरटीओ को प्रतिदिन प्रमुख चौराहों पर वाहन जांच अभियान चलाने को कहा। चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट और दोपहिया वाहनों में हेलमेट की जांच अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा परिवहन विभाग को विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित होर्डिंग लगाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि हाईवे के प्रारंभिक बिंदुओं समेत जिले की सभी प्रमुख सड़कों पर जागरूकता होर्डिंग लगाए जाएं, ताकि लोगों को यातायात नियमों की जानकारी मिल सके और सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, आरटीओ अरुण कुमार राय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन