केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर बलिया में भव्य कार्यक्रम का आयोजन

ओ.डी.ओ.पी. सत्तू और बिंदी उद्योग से बढ़ रही बलिया की पहचान- दयाशंकर सिंह

बलिया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने 33 विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। महर्षि बालिका विद्यालय मंदिर, बलिया की छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कंपोजिट विद्यालय सनाथ पाण्डेय का छपरा के विद्यार्थियों ने "राम आएंगे तो अंगना सजाएंगी" गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय शेरवा कला के विद्यार्थियों ने भी अपने कला कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 
परिवहन मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद छोटी-छोटी योजनाओं को बड़ी परियोजनाओं का रूप देकर उन्हें सफलतापूर्वक लागू किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 01 मई 2016 को बलिया से उज्ज्वला योजना का शुभारंभ किया था, जिसके तहत देशभर में 12 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया। लाभार्थियों को गैस सब्सिडी सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 तक सभी पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे कोई भी व्यक्ति आवास से वंचित न रहे। मंत्री ने कहा कि बलिया का ओ.डी.ओ.पी. उत्पाद सत्तू और बिंदी उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है तथा जिले के उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद लखनऊ से बलिया की यात्रा लगभग साढ़े तीन घंटे में पूरी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि 5 जून 2026 को बलिया के सुरहा ताल को रामसर साइट घोषित किया गया, जो जिले के लिए गौरव की बात है। साथ ही सरकार द्वारा 9 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जा रही है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिल रही है।
जिले के 1111 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, लाभार्थियों को बांटे गए प्रमाण पत्र व टूलकिट
परिवहन मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, प्रमाण पत्र, टूलकिट, मोबाइल, लैपटॉप एवं अन्य सामग्री वितरित की गई। जिसमें नवनियुक्त 1111 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा तीन टूलकिट लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को लाइफ जैकेट प्रदान की गई। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सात पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। अंत्योदय योजना के चार लाभार्थियों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत चयनित दो पशुपालकों को प्रमाण पत्र सौंपे गए। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत तीन लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की 20 मुख्य सेविकाओं को कार्य सुविधा हेतु मोबाइल फोन प्रदान किए गए। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत तीन-तीन लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग की ओर से तीन लाभार्थियों को मिनीकिट बीज उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के चार लाभार्थियों को लैपटॉप प्रदान किए गए, जबकि मुख्यमंत्री अवार्ड योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, महिला आयोग सदस्य सुनीता श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विज्ञापन