रिपोर्ट - ओमप्रकाश सिंह
बेल्थरा रोड, बलिया। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राजेश सिंह 'दयाल' फाउंडेशन द्वारा "मुफ़्त शीतल जल (छागल) वितरण अभियान" की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों तक ठंडे और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
फाउंडेशन के अनुसार, छागल केवल पानी रखने का एक पारंपरिक पात्र नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, स्वावलंबन और जनसेवा का प्रतीक भी है। अभियान के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित तिथियों पर निःशुल्क शीतल जल छागलों का वितरण किया जाएगा। फाउंडेशन का संदेश है कि "हर घर तक ठंडा जल, हर परिवार तक राहत" पहुंचाई जाए।
18 जून 2026 (गुरुवार) – बेल्थरा रोड चौकिया मोड़
19 जून 2026 (शुक्रवार) – सलेमपुर
20 जून 2026 (शनिवार) – भाटपार रानी
21 जून 2026 (रविवार) – सिकंदरपुर
22 जून 2026 (सोमवार) – बांसडीह
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि बढ़ती गर्मी के बीच यह अभियान जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के साथ-साथ लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे पानी की प्रत्येक बूंद का महत्व समझें और जल बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करें।
इस अवसर पर राजेश सिंह दयाल, प्रदेश संयोजक, प्रवासी प्रकोष्ठ (भाजपा उत्तर प्रदेश) ने कहा कि समाज सेवा, समर्पण और सशक्तिकरण के उद्देश्य से फाउंडेशन लगातार जनहित के कार्य करता रहेगा।
"हर बूंद की कीमत समझें, जल बचाएं और स्वस्थ समाज बनाएं।"



