बेल्थरा रोड, बलिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बना सीयर-पशुहारी- पूरा मार्ग पर अनुरक्षण कार्य (देखरेख व मरम्मत कार्य)नहीं होने से सड़क में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिससे इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
आपको बताते चलें कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 8.250 किमी लंबे बने सीयर-पशुहारी मार्ग के निर्माण में 490.50 लाख रुपए की लागत आई है जबकि 16 मई 2022 से 15 मई 2027 के बीच अनुरक्षण कार्य हेतु 56.97 लाख रुपए की स्वीकृति की गई है। बेल्थरा रोड कृषि मंडी से पशुहारी होते हुए पुरा चट्टी जाने वाले इस मार्ग पर इतने गड्ढे और मार्ग के दोनों तरफ इतने झाड़-झंखाड़ ( नरकट, छोटे-बड़े पौधे ) उग आए हैं कि सामने से कौन आ रहा है दिखाई ही नहीं देता जिससे आए दिन मोटरसाइकिल सवार इन गड्ढों से बचने के प्रयास में आपस में लड़ जा रहे हैं।
अभी पिछले शनिवार को ही (20 जून 2026) कुशीनगर से अपने घर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार दंपति और दो अन्य मोटरसाइकिल सवारों की आपस में सिसयण्ड कला गांव की यादव बस्ती के सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई जिसमें दंपति बुरी तरह जख्मी हो गए जिन्हें सीयर सीएचसी के डॉक्टरों द्वारा बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।
वहीं पहाड़पुर दलित बस्ती के सामने यह मार्ग पानी के खरोह (बहाव) से इस क़दर कट गया है कि किसी बड़ी घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता।
सिसयण्ड कला निवासी अध्यापक बेचन यादव और वार्ड नं 27 से जिला पंचायत सदस्य के लिए तैयारी कर रहे वीरेंद्र कुमार यादव उर्फ पिंटू सर ने संयुक्त रूप से कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग बलिया व निर्माण कर्ता साक्षी इंटरप्राइजेज बसंतपुर, बलिया से इस मार्ग के शीघ्र अनुरक्षण कार्य करने और मार्ग के दोनों तरफ बढ़े झाड़-झंखाड़ के साफ करने की मांग की है। उन्होंने शीघ्र अनुरक्षण कार्य नहीं होने पर जनहित में आंदोलन की भी चेतावनी दी है।



