आप नेता सर्वेश मिश्रा ने कॉर्पोरेट मीडिया पर साधा निशाना, कहा- मजदूरों से भी कम है पत्रकारों की आय
रिपोर्ट - ओमप्रकाश सिंह
नगरा, बलिया। बलिया जनपद के नगरा में पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए 'राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत' के नए कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीनाथ मठ के पीठाधीश्वर और महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरी जी महाराज ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पत्रकारों की वर्तमान स्थिति, कॉर्पोरेट के बढ़ते प्रभाव और देश के ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पत्रकारों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरी जी महाराज ने ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार विषम परिस्थितियों में भी समाज की सच्चाई को सामने लाते हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने 'राम मंदिर चंदा चोरी' की खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस मामले में एक ऐसी पारदर्शी व्यवस्था लागू कर रही है, जो भविष्य के लिए एक नजीर बनेगी।
बेरोजगारों जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं पत्रकार- सर्वेश मिश्रा
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने पत्रकारिता जगत में कॉर्पोरेट घरानों के बढ़ते हस्तक्षेप पर तीखा प्रहार किया। ग्रामीण पत्रकारों की आर्थिक पीड़ा को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि जमीनी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने वाले इन पत्रकारों को आज मजदूरों से भी कम वेतन मिल रहा है। कड़ा परिश्रम करने के बावजूद ग्रामीण पत्रकार बेरोजगारों जैसी जिंदगी बसर करने को मजबूर हैं, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के लिए बेहद चिंताजनक है।
दो दर्जन पत्रकारों ने ली सदस्यता
इस अवसर पर संगठन के कारवां को आगे बढ़ाते हुए नगरा क्षेत्र के लगभग दो दर्जन नए पत्रकारों ने 'राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत' की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का शानदार संचालन मुकेश श्रीवास्तव ने किया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय टीम ने अहम योगदान दिया। इनमें मुख्य रूप से संतोष कुमार (जिला उपाध्यक्ष), अवधेश यादव (ब्लॉक अध्यक्ष), मुकेश श्रीवास्तव (नगर पंचायत अध्यक्ष, नगरा), हरिओम मिश्रा, विनोद कुमार और ईश्वरचंद भारती की महती भूमिका रही।
कार्यक्रम में ये दिग्गज रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों समेत सैकड़ों पत्रकारों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सिंह, प्रदेश पर्यवेक्षक हरिनारायण सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद सिंह, कंचन सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कलीम आजमी, राष्ट्रीय संयोजक हरेन्द्र मोहन सिंह , पूर्वांचल अध्यक्ष शब्बीर अहमद, यूपी आईटी सेल प्रभारी सैय्यद सिराज अहमद, जिला अध्यक्ष दुर्गा शंकर सिंह, जिला उपाध्यक्ष पिन्टू तलवार, जिला महासचिव चंदन सिंह, तहसील अध्यक्ष (बेल्थरा रोड) ओमप्रकाश सिंह जैसे शीर्ष नेतृत्व की फौज मौजूद रही ।



