बेल्थरा रोड में काशी दास बाबा की पूजा में उमड़े हजारों लोग

पूर्व विधायक स्वर्गीय शिवलाल यादव की स्मृति में परिजनों ने कराया काशी दास बाबा की पूजा
 
बेल्थरा रोड, बलिया‌ पूर्व विधायक स्व० शिवलाल यादव की पावन स्मृति में स्थानीय तहसील अंतर्गत मुबारक पुर (ममरखा पुर) गांव स्थित लोहिया बन्धु पूर्व माध्यमिक विद्यालय के परिसर में विशाल काशी दास बाबा पूजनोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। पूजन के बाद हजारों श्रद्धालुओं ने मां प्रसाद ग्रहण किया। 
आपको बताते चलें कि पूर्वांचल (उत्तर प्रदेश और बिहार) में विख्यात काशी दास बाबा का पूजनोत्सव यदुवंशी (यादव) समाज का एक अत्यंत प्राचीन और आध्यात्मिक लोक उत्सव है। यह पूजा मुख्य रूप से गांव में सुख-समृद्धि, पशुधन की रक्षा, अच्छी फसल और सामूहिक कल्याण के लिए पूरी निष्ठा के साथ आयोजित की जाती है। इस दिव्य और कठिन अनुष्ठान की कई विशेषताएं हैं।
ऐतिहासिक मान्यता
बाबा काशी दास एक महान सिद्ध पुरुष थे, जिन्होंने समाज के उत्थान और पशुओं की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया था । यादव समाज उन्हें अपने इष्ट और कुलदेवता के रूप में पूजता है ।अनोखा विधि-विधान 
इस पूजा में बांस की फट्टी, फूल और केले के पत्तों से मंडप सजाया जाता है । पूजा के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर 'पंथी' (पुजारी) विशेष मुद्रा में परिक्रमा और नृत्य करते हैं।
अग्नि और दुग्धाभिषेक
इस आध्यात्मिक प्रक्रिया के चरम पर पहुंचने पर बिना आग जलाए अग्नि प्रकट होने (आग मांगना) और उबलते दूध से स्नान करने जैसी अद्भुत क्रियाएं देखने को मिलती हैं।भविष्यवाणी
ऐसी गहरी लोक आस्था है कि पूजा के दौरान बाबा काशी दास 'पंथी' के शरीर में आते हैं और उस वर्ष के मौसम, खेती, और आने वाली विपत्तियों के बारे में सटीक भविष्यवाणी करते हैं। आज की पूजा में पंथी द्वारा वर्षा के बारे यही बताया गया कि बारिश हर क्षेत्र में बराबर नहीं होगी। 
काशी दास बाबा पूजनोत्सव की औपचारिक शुरुआत माता सरयू (घाघरा) से जल भरकर कलश लाने के साथ हुई। पूजन के लिए बनाए गए बांस के मंडप को केले के पत्तों, फूलों और झंडी-पताकों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा के दौरान ढोल नगाड़ों के बीच संजय पंथी द्वारा परिक्रमा करते हुए काशी दास बाबा की जय, मोहन मुरारी की जय, वन सप्ती की जय आदि के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
इस बीच आध्यात्मिक प्रक्रिया के बीच बिना आग जलाये अग्नि प्रकट करने का कार्य पंथी द्वारा किया गया। पूजा के बीच में दो बालकों को पंथी द्वारा जलते दूध से नहलाया गया।
पूजनोत्सव पूर्ण होने के बाद गुलाब पहलवान द्वारा भेड़ों से लड़ाई, राजेंद्र पहलवान और भोला पहलवान के साथियों द्वारा विभिन्न हैरतअंगेज करतब दिखाए गए।
सामूहिक भोज 
पूजा की समाप्ति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दूर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा का महाप्रसाद ग्रहण किया। महाप्रसाद ग्रहण के दौरान ही समाजवादी पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी और सरोज सरगम ने अपनी बिरहा गायन से कार्यक्रम में शमा बांध दिया। इस विशाल आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों में भारी उत्साह देखा गया। 
पूर्व विधायक स्वर्गीय शिवलाल यादव की पावन स्मृति में आज की पूजा का आयोजन बलिराम यादव द्वारा किया गया।
समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने दिया शुभकामना संदेश 
वहीं समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा पूर्व विधायक स्व० शिवलाल यादव की याद में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आयोजित पूजनोत्सव कार्यक्रम की सफलता को लेकर राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और राष्ट्रीय सचिव डॉ सत्यनारायण सचान द्वारा राजकीय इंटर कालेज उत्तर काशी, उत्तराखंड के प्रधानाचार्य और स्व० विधायक जी के पौत्र अजय यादव के नाम शुभकामना संदेश जारी किया गया है।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त एडी बेसिक रमेश यादव, समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, सेवानिवृत प्रधानाध्यापक श्रीराम यादव, गिरिजा नंद यादव, रामाश्रय यादव, राजू यादव, अजय उर्फ आत्मा यादव, राघवेंद्र यादव, गोपाल यादव, राजेंद्र यादव, संदीप यादव, अश्वनी यादव, जितेंद्र यादव, महातम यादव,
जिला पंचायत सदस्य दिनेश कुमार यादव फौजी, जिला पंचायत सदस्य हरे राम यादव, कांग्रेस नेता लालू राम मिर्धा, बसपा नेता बिरेंद्र राम, समाज सेवी वीरेंद्र कुमार यादव उर्फ पिंटू सर सहित हजारों लोग मौजूद रहे।


विज्ञापन