मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, ताजिया कमेटियों के साथ हुई बैठक

रिपोर्ट- गौहर खान
 
सिकंदरपुर, बलिया। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कस्बा चौकी परिसर में नवागत क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में ताजिया कमेटियों के सदरों एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में थाना प्रभारी मूलचंद चौरसिया एवं चौकी प्रभारी गिरिजेश प्रताप सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर के विभिन्न मोहल्लों से आए ताजिया कमेटी के सदरों से संवाद कर मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।
क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मोहर्रम का पर्व गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


विज्ञापन