रिपोर्ट - ओमप्रकाश सिंह
बेल्थरा रोड, बलिया। ससना बहादुरपुर गांव निवासी और एमएलसी प्रतिनिधि रविशंकर सिंह 'पिक्कू' की माता दमयंती सिंह (72 वर्ष) का वृहस्पतिवार रात करीब 9:30 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे तुर्तीपार घाट स्थित सरयू तट पर उनका अंतिम संस्कार होगा।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम को अचानक उनके सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई। आनन-फानन में उन्हें सीयर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रात करीब 9 बजे परिजन उन्हें वापस घर ले आए। घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत फिर से बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
स्व० दमयंती सिंह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके तीन पुत्र हैं; जिनमें एमएलसी प्रतिनिधि रविशंकर सिंह 'पिक्कू' जबकि अन्य दो पुत्र विवेक सिंह परिहार और सबसे छोटे मानवेंद्र सिंह 'सोनू' हैं। शुक्रवार सुबह से ही ससना बहादुरपुर स्थित उनके पैतृक आवास पर शुभचिंतकों और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों का तांता लगा रहा।
शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने और अपनी शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए सपा नेता आद्याशंकर यादव, मेडिसिन मैन के रूप में विख्यात समाजसेवी राजेश सिंह दयाल, जावेद अनवर, टी.एन. मिश्रा, विनोद सेहरा, नन्हें सिंह, बंशबहादुर सिंह, पन्नालाल गुप्ता, उदय प्रताप सिंह, अनिल सिंह, गुड्डू सिंह, त्रिपुरारी सिंह और रुद्र प्रताप यादव, सभासद निलेश दीपू, परवेज हमजा गुडडू मेम्बर, समेत कई राजनीतिक, सामाजिक और क्षेत्रीय हस्तियां उनके आवास पर पहुंचीं।



