बलिया। मुख्य मत्स्य अधिकारी विकास कुमार ने जानकारी दी है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मत्स्य विभाग द्वारा संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए विभागीय पोर्टल 16 जुलाई 2026 से 31 जुलाई 2026 तक खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिन प्रमुख योजनाओं के लिए आवेदन मांगे गए हैं, उनमें मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना तथा माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना (श्रेणी-1, 2 एवं 3 के जलाशय वाले जनपदों में केज स्थापना), अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना, उत्तर प्रदेश में मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
मुख्य मत्स्य अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं की इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख एवं अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम ही प्रभावी होंगे। साथ ही, जिन आवेदकों के आवेदन पूर्व वर्षों में निरस्त हो गए थे या प्रतीक्षारत रहे थे, वे भी दोबारा आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति मत्स्य पालक विकास अभिकरण, बनकटा, बलिया स्थित जनपदीय कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकते हैं।



