बलिया।जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को तहसील रसड़ा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जाति प्रमाण पत्र, खड़ंजा निर्माण, नाली पर अवैध कब्जा, वरासत, बैनामा, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत की सुनवाई कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 209 मामले आए जिसमें 22 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। ग्राम छितौनी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल एवं कानूनगो को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम चिंतामनपुर में दो भाइयों के बीच भूमि विवाद के मामले में संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) को तत्काल मौके पर पहुंचकर विवाद का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। ग्राम गाजियापुर में नवीन परती भूमि पर बसे लोगों को हटाने संबंधी शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित लेखपाल को निर्देशित किया कि यदि वहां रह रहे व्यक्ति पात्र हों तो नियमानुसार उनके नाम पट्टा कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
टजिलाधिकारी ने तहसील परिसर में महिलाओं के नव निर्मित शौचालय का फीता काटकर उद्घाटन किया और अपने नाम के वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कुमार राय, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



