बेल्थरा रोड, बलिया। सावन माह के प्रथम दिन गुरुवार को 'बोल बम कांवरिया संघ' के बैनर तले बेल्थरा रोड से शिवभक्तों का एक जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुआ। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
रवाना होने से पूर्व नगर पंचायत बेल्थरा रोड के वार्ड नंबर -3 स्थित जी.एम.ए.एम. फील्ड वाली गली के पास सभासद एवं उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारी निलेश दीपू ने शिवभक्तों का मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया तथा उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान बेल्थरा रोड तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरजीत सिंह सहित संदीप, अमित, मंटू मल्ल व अन्य गणमान्य लोगों ने श्रद्धालुओं को भावभीनी विदाई दी।
कांवरिया दल के सदस्य राजन मद्धेशिया ने बताया कि श्रद्धालु पहले बिहार के सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरेंगे। इसके बाद लगभग 110 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
बाबा धाम के लिए रवाना होने वाले श्रद्धालुओं में धर्मचंद, अभिषेक मद्धेशिया, राजन मद्धेशिया, बिट्टू बम, सोनू मोदनवाल, आदित्य जायसवाल एवं ओमप्रकाश प्रमुख रूप से शामिल रहे।



