डीएम बलिया ने उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

युवा स्वरोजगार योजना के आवेदन बिना वजह न हों निरस्त - डीएम

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की पिछली बैठक (19 जून) की कार्यवाही की पुष्टि, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं की प्रगति, औद्योगिक सुरक्षा फोरम, औद्योगिक इकाइयों की विधिक व्यवस्था तथा औद्योगिक एवं मिनी औद्योगिक आस्थानों में स्थापित इकाइयों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत प्राप्त आवेदनों को बिना उचित कारण निरस्त न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन में कोई कमी हो तो संबंधित बैंक आवेदक को उसकी जानकारी देकर उसे पूरा कराने का अवसर प्रदान करे।
मेसर्स आकृति फूड्स के पार्टनर पंकज पांडेय ने बताया कि ग्राम हरिहरपुर मौजा स्थित उनकी पोल्ट्री फीड फार्म तक जाने वाला मनरेगा से निर्मित खड़ंजा मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन में कठिनाई हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता (निर्माण खंड) को सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मिनी औद्योगिक आस्थान बनरही में नालियों की सफाई की समस्या उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने विकास खंड हनुमानगंज के अधिकारियों को तत्काल नालों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। साथ ही विद्युत आपूर्ति की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। इस परजिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पूरे जनपद में दो शिफ्टों में सफाई कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में कार्य करें तथा उनके पास सफाई के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध हों।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को प्रत्येक वार्ड में बायोमैट्रिक मशीन स्थापित कराने और सफाई कर्मचारियों की प्रतिदिन बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विज्ञापन