बलिया पुलिस का महाअभियान -"एक पेड़ माँ के नाम"

वामा सारथी बलिया अध्यक्षा व अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी व सीओ लाइन द्वारा पुलिस लाइन में किया गया वृहद वृक्षारोपण

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के "वृक्षारोपण महायज्ञ-2026" और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के राष्ट्रव्यापी आह्वान के क्रम में आज रविवार (12.07.2026) को बलिया पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण (ग्रीन कवर) को बढ़ाने के संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में वामा सारथी वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा श्रीमती शालिनी शुक्ला व अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन अक्षय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से छायादार और फलदार पौधों का रोपण कर अभियान का विधिपूर्वक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर वामा सारथी वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा श्रीमती शालिनी शुक्ला ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं, पर्यावरण असंतुलन और ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र प्रभावी उपाय हैं। 
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों से न केवल पौधे लगाने, बल्कि उनकी पूर्ण सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी लेने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
समस्त थानों और सर्किलों में अभियान
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों और सभी प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों ने अपने-अपने सर्किल व थाना परिसरों, चौकियों और आसपास के चिन्हित क्षेत्रों में अधीनस्थ पुलिस बल व स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सघन वृक्षारोपण कार्य किया जा रहा है।
 इस महाअभियान के अंतर्गत पीपल, बरगद, नीम, आम, सहजन, जामुन और आंवला जैसे पर्यावरण-अनुकूल और दीर्घायु पौधों को प्राथमिकता दी गई, जो स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में सहायक होंगे।
इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन बलिया व परेड ग्राउंड में पौधारोपण के अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बलिया राम बेलास अन्य अधिकारियों /कर्मचारियों व महिलाओं व बच्चों द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया।


विज्ञापन