बलिया में 21 अगस्त शुक्रवार को होगी कृषि यंत्रों के लाभार्थियों की ई-लाटरी

बलिया। कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों के लाभार्थियों के चयन के लिए 21 अगस्त 2026 को ई-लाटरी का आयोजन किया जाएगा। उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि ई-लाटरी विकास भवन सभागार, बलिया में प्रातः 11:30 बजे से मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि विभाग द्वारा संचालित नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन, प्रमोशन ऑफ क्राप रेजिड्यू सहित अन्य योजनाओं में कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों के लिए किसानों ने विभागीय पोर्टल पर बुकिंग कराई है। इन योजनाओं के तहत किसानों द्वारा 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन बुकिंग की गई थी। बुकिंग कराने वाले पात्र किसानों का चयन जनपद स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति (डीएलएससी) के समक्ष ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए 21 अगस्त की तिथि निर्धारित की गई है। वहीं, जिन विकासखंडों में लक्ष्य के बराबर ही बुकिंग हुई है, वहां निदेशालय स्तर से लाभार्थियों को ऑटो कन्फर्म कर दिया गया है।

उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी संबंधित किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर ई-लाटरी कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि चयन प्रक्रिया पूरी की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी कारणवश जो किसान ई-लाटरी प्रक्रिया में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उन्हें उपस्थित किसानों एवं समिति द्वारा की गई चयन प्रक्रिया से सहमत माना जाएगा और इस संबंध में उनकी कोई आपत्ति नहीं होने की स्थिति मानकर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

विज्ञापन