बलिया में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ का सजीव प्रसारण, 500 महिलाओं को साड़ी व मिष्ठान वितरित

बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के राज्यस्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बुधवार को बलिया के गंगा ऑडिटोरियम में किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया, जिसका लाइव प्रसारण बलिया में मौजूद मातृशक्ति एवं अन्य उपस्थित लोगों ने देखा। परिवहन विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव रहीं। उन्होंने जिले की मातृशक्ति का अभिवादन करते हुए राज्य सरकार की ओर से उन्हें सम्मानित किया। 
इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की बुजुर्ग महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त आगामी रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों एवं बेटियों को एक सहयात्री के साथ 27, 28 और 29 अगस्त को तीन दिनों तक निःशुल्क बस यात्रा की विशेष सुविधा प्रदान की गई है।
कार्यक्रम के दौरान जिले की 500 महिलाओं को साड़ी एवं मिष्ठान वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने राज्य सरकार की इस पहल का स्वागत किया। परिवहन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सकुशल सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही।

विज्ञापन