चाइल्ड एजुकेशन सेंटर व एनएमएम इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

रिपोर्ट - गौहर खान 

सिकंदरपुर, बलिया। स्थानीय चाइल्ड एजुकेशन सेंटर व एनएमएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। 
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक शेख अहमद अली ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अभिभावकों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री संतोष कुमार शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश के लिए अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। 
उन्होंने विद्यार्थियों से महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी के साथ शिक्षा प्राप्त कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने ने विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से जोड़ना है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक शेख अहमद अली ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। 
उन्होंने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र में जल्द ही दिल्ली पब्लिक स्कूल की तर्ज पर विद्यालय की स्थापना की जाएगी, जिससे क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक एवं बेहतर शिक्षा का अवसर मिल सके।
विद्यालय के मैनेजिंग इंचार्ज नजफुल्लाह ‘बबलू मास्टर’ ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आजादी के महत्व, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। 
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें और समाज में शिक्षा, अनुशासन तथा भाईचारे को बढ़ावा दें।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंजता रहा। कार्यक्रम में सैफ अली अंसारी, रेयान अहमद, मीडिया प्रभारी गौहर खान, अनिल यादव, एहसानुल्लाह, सनाउल्लाह, राजेश राय, आशीष गुप्ता, राधेश्याम, मुख्तार अहमद, विनय शंकर यादव, जितेंद्र कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।
विज्ञापन