सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, सहकारिता समितियों, स्वास्थ्य केंद्रों व मीडिया कार्यालयों पर हुआ ध्वजारोहण
बेल्थरा रोड, बलिया। बलिया जनपद के बेल्थरा रोड तहसील क्षेत्र व आसपास के इलाकों में शुक्रवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस पावन अवसर पर सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, सहकारिता समितियों और सामाजिक मंचों पर आन-बान-शान से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया।
तहसील मुख्यालय एवं अपेक्स अस्पताल परिसर में उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया। सीयर ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह एवं खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से झंडारोहण किया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत उभांव थाने पर प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक तथा सीयर चौकी पर नीरज यादव ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पर अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया।
वहीं, 'तरुण मित्र' कार्यालय पर अरविंद यादव, बागीश पांडे, शेख एजाजुद्दीन और मधुलाला ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया।
सहकारिता समितियों पर दिखा उत्साह
क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड बेल्थरा रोड पर समिति उपसभापति जय प्रकाश वर्मा, डायरेक्टर निखिल सिंह (बिट्टू) एवं चंद्र प्रताप सिंह विसेन के निर्देशन में ध्वजारोहण हुआ। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह, पूर्व पीसीयू संचालक जनार्दन यादव, रुद्र प्रताप यादव, बीरेंद्र यादव रामपुरी, शशिकांत यादव, सोनू गुप्ता, चंद्रशेखर कुशवाहा, अलाउद्दीन अंसारी तथा सचिव योगेंद्र पांडेय, शैलेश यादव, संपूर्णानंद यादव मौजूद रहे।
बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) चौकियां इमिलिया में पूर्व सभापति चंद्र प्रताप सिंह विसेन व सचिव रामजन्म यादव ने ध्वजारोहण किया।
कर्मयोगी बाबा रामधारी एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यालय पर संस्था के प्रबंध निदेशक ने झंडारोहण किया।
बेल्थरारोड के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा ने 30 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नगर पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास की गति बनाए रखने के लिए जनता को जागरूक रहने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय पर्व पर किन्नर समाज की पूजा किन्नर और उनकी टीम ने भी अनोखे अंदाज में स्वतंत्रता दिवस मनाया। तिरंगे के रंगों में सराबोर उनका देशभक्ति संदेश और वीडियो दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा, जिसे लोगों द्वारा काफी सराहा गया।
कार्यक्रमों के अंत में सभी प्रमुख स्थलों पर मिष्ठान वितरण कर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और प्रगति की कामना की गई।



