पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में बूथ स्तर के संगठन की समीक्षा, कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर श्यामलाल पाल ने सुनीं बातें
रिपोर्ट - घनश्याम शर्मा व ओमप्रकाश सिंह
बेल्थरा रोड, बलिया। नगर के लगन मैरेज लॉन में मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा 'पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन' का भव्य आयोजन किया गया।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित इस सम्मेलन में बूथ संगठन की मजबूती को केंद्र में रखा गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मंच पर केवल औपचारिकता न निभाते हुए सीधे कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों के बीच बैठकर बूथवार समीक्षा की और संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई।
मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मंच से एक-एक कर तीन अलग-अलग किताबें (रिपोर्ट) लहराते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखे सवाल खड़े किए। पाल ने कहा कि भाजपा सरकार में 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के अधिकारों और नौकरियों में बड़ा घोटाला हुआ है।उन्होंने 'समाजवादी ऑडिट-2' की प्रति दिखाते हुए आरोप लगाया कि अयोध्या में विकास के नाम पर धांधली की गई है।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश के 26 हजार से अधिक प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने 'समाजवादी पीडीए ऑडिट-3' लहराते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर अपने हक की मांग कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। भाजपा के शासनकाल में एक-दो नहीं बल्कि 20-20 पेपर लीक हुए हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। पाल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि बाबा साहब आंबेडकर के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए हर बूथ पर मजबूती से लड़ाई लड़नी होगी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिकंदरपुर विधायक व पूर्व मंत्री मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने कार्यकर्ताओं से राजभर बस्तियों और पीडीए वर्ग के बीच लगातार पैठ बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया तो बलिया जिले की सातों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।
वहीं बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि किसान खाद-बीज और सिंचाई की समस्या से जूझ रहे हैं और छात्र सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं। प्रदेश सचिव आद्या शंकर यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का बूथ अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संग्राम सिंह यादव तथा संचालन बीरबल राम ने किया।
इस अवसर पर अरविंद गिरी, राजन कन्नौजिया, डाॅ. संतोष गर्ग, उमाशंकर राम, राजेश पासवान, अंगद यादव, ओमप्रकाश यादव, अमानुल हक अब्बासी, इरफान अहमद, शमशाद बासपारी, मतलूब अख्तर, रुद्र प्रताप यादव, बब्बन यादव, रवि जायसवाल, डॉ. आनंद यादव, वीरेंद्र कुमार यादव उर्फ पिंटू सर, बसंत यादव, रामाश्रय "फाइटर", पतिराम यादव, अमलेश कन्नौजिया, मुन्ना यादव, गीता देवी और सर्वेश कन्नौजिया सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



