सोनाडीह की बेटियां बनीं स्टेट फुटबॉल में उपविजेता, बेल्थरा रोड पहुंचने पर हुआ बेटियों का भव्य स्वागत

अभावों को पछाड़, कोच की डेढ़ बीघा जमीन पर अभ्यास कर तय किया फाइनल तक का सफर

बेल्थरा रोड, बलिया। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राज्य स्तरीय फाइनल तक पहुंची बलिया की बेटियों ने साबित कर दिया कि प्रतिभा को मौका और हौसला मिले तो संसाधनों की कमी सफलता की राह नहीं रोक सकती। सीयर ब्लॉक के सोनाडीह गांव की 10 बालिका फुटबॉल खिलाड़ियों ने अमेठी के डॉ. बीआर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जूनियर प्रदेशीय बालिका फुटबॉल स्टेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (रनर-अप) की ट्रॉफी अपने नाम की है।
सोनाडीह गांव में खेल के लिए न तो कोई स्टेडियम है और न ही बेहतर सुविधाएं। खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देने वाले कोच राम प्रकाश यादव ने सामाजिक सहयोग व चंदा जुटाकर अपनी ही करीब डेढ़ बीघा जमीन को फुटबॉल का मैदान बनाया। कई खिलाड़ियों के पास खेलने के लिए जूते और पौष्टिक आहार जुटाना तक मुश्किल था, लेकिन इस खेत में बहाए पसीने ने उन्हें राज्य स्तर पर पहचान दिलाई।
मैदान पर दिखाया आक्रामक खेल
प्रतियोगिता के दौरान सोनाडीह की टीम ने अपने आक्रामक खेल से विपक्षी टीमों को पछाड़ दिया। टीम ने देवीपाटन मंडल गोंडा को 17-0, मेरठ को 9-1, अयोध्या को 6-0, लखनऊ को 4-0 और आगरा मंडल को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में प्रयागराज की टीम से 0-2 से हार के बाद टीम उपविजेता रही।
बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
मंगलवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस से बेल्थरा रोड स्टेशन पहुंचने पर नगर अध्यक्ष निलेश दीपू के नेतृत्व में खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नगर अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण बेटियों की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाती है और अन्य बालिकाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। इस दौरान एमके आईटीआई के प्रबंधक असलम राही, सभासद राममनोहर गांधी, अमित जायसवाल, संदीप जायसवाल, मंटू मल्ल, मृत्युंजय गुप्ता, नंदलाल यादव और मंजीत कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इन प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर खेल मैदान, किट व प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि अगली बार ये बेटियां चैंपियन बनकर लौटें।

विज्ञापन