बलिया। जनपद बलिया में आज बुधवार 19 अगस्त 2026 को बलिदान दिवस का आयोजन किया गया, परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के साथ बलिया के ऐतिहासिक जेल से सांकेतिक रूप से जेल का फाटक खोलकर धूमधाम से बलिदान दिवस का आयोजन किया गया । शहर के प्रमुख चौराहों से होकर बलिदान दिवस की भव्य फेरी यात्रा/रैली भी निकाली गई जिसमें जिले के माननीय, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सम्मिलित हुए।
आपको बताते चलें कि बलिया में "बलिया बलिदान दिवस" हर साल 19 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान बलिया के वीर सपूतों द्वारा ब्रिटिश शासन के खिलाफ किए गए ऐतिहासिक संघर्ष और अदम्य साहस की याद दिलाता है। इसी दिन चित्तू पांडेय के नेतृत्व में बलिया के लोगों ने अंग्रेजों को खदेड़कर जिला कारागार का फाटक तोड़ दिया था और खुद को स्वतंत्र घोषित करते हुए समानांतर सरकार बनाई थी। हजारों की संख्या में बलिया की जनता ने जिला कारागार पर धावा बोलकर सेनानियों को मुक्त कराया और अंग्रेजी हुकूमत को यहां से उखाड़ फेंका। शहर के गुदरी बाजार में ब्रिटिश पुलिस से मुकाबला करते हुए कई स्वतंत्रता सेनानियों ने शहादत दी थी। यह दिन देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति और उनके अदम्य साहस को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है ।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला कारागार अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी लाइन, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों सहित जनपद के दूरदराज इलाकों से पहुंचे लोगों ने रैली में सम्मिलित होकर अमर शहीदों को याद किया।



