बलिया, 26 अगस्त 2026। आगामी त्योहारों एवं पर्वों के दृष्टिगत जनपद बलिया के समस्त सम्मानित उपभोक्ताओं से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद बलिया की ओर से अपील की जाती है कि मिठाई खरीदते समय गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद बलिया ने उपभोक्ताओं मिठाई खरीदते समय निम्न सावधानियां बरतने की अपील करते हुए मिठाई स्वच्छ एवं प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान से ही मिठाई खरीदने को कहा है।
उन्होंने कहा कि दुकान में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव पर ध्यान दें।
मिठाई ताजा, स्वच्छ एवं दुर्गंध रहित होनी चाहिए। बासी, फफूंद लगी, चिपचिपी अथवा असामान्य रंग एवं गंध वाली मिठाई न खरीदें।
पैक की हुई मिठाई खरीदते समय निर्माण/पैकिंग तिथि, Expiry Date (समाप्ति तिथि), बैच नंबर एवं FSSAI लाइसेंस/पंजीकरण संख्या अवश्य देखें।
दूध, खोया एवं छेना से निर्मित मिठाइयाँ शीघ्र खराब हो सकती हैं। ऐसी मिठाइयाँ ताजा खरीदें और यथाशीघ्र सेवन करें।
अत्यधिक चमकीले अथवा अस्वाभाविक रंग वाली मिठाइयों को खरीदने से बचें।
मिठाई पर लगे चाँदी के वर्क की गुणवत्ता पर ध्यान दें तथा खाद्य-ग्रेड वर्क का ही प्रयोग सुनिश्चित करें।
मिठाई को अखबार में पैक कराकर न लें। खाद्य पदार्थों के लिए स्वच्छ एवं उपयुक्त पैकिंग सामग्री का ही प्रयोग कराया जाए।
मिठाई खरीदते समय बिल/कैश मेमो अवश्य प्राप्त करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर शिकायत एवं जांच में सहायता मिल सके।
आवश्यकता के अनुसार ही मिठाई खरीदें और उसे उचित तापमान एवं स्वच्छ स्थान पर सुरक्षित रखें।
यदि किसी प्रतिष्ठान पर बासी, मिलावटी, अस्वच्छ अथवा संदिग्ध मिठाई दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद बलिया को दें।
उपभोक्ताओं से विशेष अपील
“मिठाई की चमक नहीं, उसकी गुणवत्ता देखें।
स्वाद के साथ स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।”
त्योहारों की खुशियाँ तभी सार्थक हैं जब हमारे परिवार को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ प्राप्त हों। अतः सभी उपभोक्ता जागरूक बनें और सुरक्षित मिठाई खरीदकर ही त्योहार की खुशियाँ मनाएँ।



