सिकंदरपुर में पीस कमेटी की बैठक, त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील

रिपोर्ट- गौहर खान 

सिकंदरपुर, बलिया। बारावफात, रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को थाना सिकंदरपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और आमजन से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन में आयोजित बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, एसडीएम सिकंदरपुर प्रवीण यादव तथा क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राकेश कुमार सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजकता को बढ़ावा न दिया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने से भी बचने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बलिया पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। दुकानदारों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग भी की जा रही है।
विज्ञापन