चयन प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज की तरफ़ से प्रतिभाग करते हुए ग्राम्य विकास विभाग बलिया में कार्यरत जनपद के गोठहुलि ग्राम के निवासी उदयमान खिलाड़ी प्रदीप चौबे ने 94-105 किग्रा.भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 550 किलोग्राम वज़न उठाकर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
आपको बताते चलें कि इससे पूर्व भी प्रदीप चौबे ने पूर्वांचल एवं राज्य स्तरीय पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में पदक लाकर जनपद बलिया के नाम को गौरवान्वित किया है। प्रदीप ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मार्गदर्शक बलिया पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव व प्रशिक्षक बालकृष्ण मूर्ति को दिया। इस उपलब्धि पर जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, लेखा एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी उपाध्याय, प्रशासनिक अधिकारी इंद्रपाल सिंह एवं पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष राम किंकर सिंह ने बधाई दी है।



