बलिया। जिला युवा कल्याण अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने बताया है कि विकसित भारत @2047 के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा महोत्सव के इस महत्वपूर्ण स्वरूप के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार, नेतृत्व क्षमता और नवाचार को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के तहत देशभर में अब तक 10 लाख से अधिक युवा ऑनलाइन क्विज में प्रतिभाग कर चुके हैं। वहीं, जनपद बलिया में भी 1900 से अधिक युवाओं ने क्विज में भाग लिया है। युवाओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह और सहभागिता लगातार बढ़ रही है। पात्र युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मेरा युवा भारत (MY Bharat), राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), विभिन्न विभागों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। युवाओं को MY Bharat पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। MY Bharat इस कार्यक्रम की कार्यान्वयन एजेंसी है। पंजीकरण, क्विज, निबंध समेत विभिन्न ऑनलाइन चरण पोर्टल के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन क्विज से राष्ट्रीय संवाद तक पांच चरण
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के अंतर्गत प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया पांच चरणों में होगी। प्रथम चरण में ऑनलाइन क्विज, दूसरे चरण में चयनित प्रतिभागियों के लिए 500 शब्दों का निबंध, तीसरे चरण में जिला स्तरीय चैंपियनशिप, चौथे चरण में राज्य स्तरीय संवाद और अंतिम चरण में नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभागिता होगी। चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर भी मिल सकता है।
कार्यक्रम के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026, निबंध चरण 5 से 19 अक्टूबर, जिला चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर तथा राज्य स्तरीय संवाद 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। राष्ट्रीय संवाद 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।
छह ट्रैक के माध्यम से राष्ट्रीय मंच पर पहुंचेंगे युवा
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत युवाओं के लिए छह प्रमुख ट्रैक निर्धारित किए गए हैं। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमी चुनौती और युवा संसद ट्रैक शामिल हैं।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के तहत ऑनलाइन क्विज, निबंध और जिला स्तरीय चैंपियनशिप के माध्यम से प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। वहीं, अन्य पांच ट्रैक के माध्यम से भी युवाओं को अपनी प्रतिभा और नवाचार प्रदर्शित करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी का अवसर मिलेगा। इन ट्रैक से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन आगामी समय में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश के सामाजिक और आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बनाना, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा युवा-नेतृत्व वाले समाधानों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त करना है।
इच्छुक पात्र युवा 30 सितंबर 2026 तक MY Bharat पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के ऑनलाइन क्विज में प्रतिभाग कर सकते हैं।



