बेल्थरा रोड, बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम दोथ (पोस्ट सोनाडीह) में आपसी रंजिश के चलते खटाल चला रहे दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पेट में चाकू लगने से एक भाई की आंत बाहर निकल आई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमरेश बहादुर सिंह (45) और मंजेश सिंह (35) पुत्र स्व० जितेंद्र सिंह अपने गांव में ही गाय पालन कर खटाल चलाते हैं।
बताया जा रहा है कि उनके गांव का ही एक युवक जो घायलों का पट्टीदार है, अचानक खटाल पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब दोनों भाई विवाद सुनकर बाहर निकले, तो आरोपी युवक ने उन पर बड़े चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना गुरुवार देर शाम लगभग 9 बजे की बताई जा रही है।
गंभीर चोट लगने के कारण दोनों भाई मौके पर ही गिरकर तड़पने लगे। यह देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाइक पर लादकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सीयर पहुंचाया गया।
सीएचसी सीयर के चिकित्सक डॉ. आर.बी. चौहान ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि दोनों भाइयों के पेट में चाकू से गहरा घाव है। एक घायल की आंत बाहर आ जाने के कारण दोनों की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल/उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया, जिसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए घायलों को मऊ ले गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश व अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



