बलिया डीएम ज्ञानेंद्र सिंह के सख्त निर्देश, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को मिलेंगे 25 हजार रुपये का पुरस्कार

बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने इस योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग घायलों की मदद के लिए आगे आएं और समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बचाई जा सके। उन्होंने स्कूल बसों की नियमित जांच कराने पर विशेष जोर दिया। निर्देश दिया कि बिना फिटनेस जांच के कोई भी स्कूल बस संचालित न हो। केवल फिटनेस प्रमाणित बसों का ही संचालन किया जाए। साथ ही स्कूल बस चालकों की आंखों की जांच भी कराने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही न हो। डीएम ने दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम के तहत उपचार उपलब्ध कराने की जानकारी का भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा। उन्होंने राहवीर योजना के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए पंपलेट के साथ-साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रचार कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ सड़क सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने सड़क के डिवाइडरों पर पौधे लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय, एआरटीओ अरुण कुमार राय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन