फरसाटार दलित बस्ती की बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान, वर्षों से बदहाल सड़क की कोई सुध लेने वाला नहीं

बेल्थरा रोड, बलिया। ग्राम सभा फरसाटार के दक्षिणी मोहल्ला बिड़हरा स्थित हनुमान मंदिर के पास से मेन रोड नगरा-बेल्थरा रोड मार्ग से दलित बस्ती होते हुए पलिया की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग वर्षों से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। सड़क की खराब हालत के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ विद्यालय जाने वाले बच्चों को भी प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है, लेकिन विगत कई वर्षों से इसकी स्थिति बहुत ही दयनीय बनी हुई है। सड़क जर्जर होने के कारण पैदल चलने वालों, बाइक सवारों और अन्य राहगीरों को काफी दिक्कतें होती हैं। बरसात के दिनों में समस्या और भी गंभीर हो जाती है। फरसाटार दलित बस्ती के लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय तो वोट मांगने के लिए सभी जनप्रतिनिधि पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र की इस गंभीर समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं जाता। ग्रामीणों का कहना है कि कई वर्षों से सड़क निर्माण या मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के सांसद, विधायक एवं संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस जर्जर सड़क की ओर आकर्षित कराते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत एवं निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस मार्ग को ठीक नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में आम जनता और स्कूली बच्चों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की इस आवाज के बाद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन कब तक इस समस्या से निजात दिला पाते हैं।


विज्ञापन