बलिया के पशुहारी गांव में हुई तीन मौतों से उठा पर्दा, कौन थी वह रहस्यमयी बिमारी ?

सत्यानाशी (भड़भांड़) का तेल खाने से हुई थी रहस्यमयी बिमारी ड्राप्सी

बेल्थरा रोड, बलिया। बलिया के बेल्थरा रोड तहसील अंतर्गत पशुहारी गांव में रहने वाले शिवचंद राजभर के घर में 29 अगस्त को अचानक मातम छा गया, सिर्फ चार दिनों के भीतर परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पशुहारी गांव सहित पूरे स्वास्थ्य महकमे को हिला कर रख दिया। 29 अगस्त को पत्नी आशा देवी, फिर 1 सितंबर को 80 साल की मां जोन्हिया देवी और उसी दिन 24 साल की बेटी प्रीति ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में तीन मौतों से पूरा गांव दहशत में आ गया।
इसके बाद परिवार के पिता और बेटे को भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन मौतों की असल वजह क्या थी ? यह राज अब एम्स गोरखपुर के डॉक्टरों की टीम ने सुलझा लिया है।
मेडिकल जांच में खुलासा हुआ कि मौतों की असली वजह 'ड्रॉप्सी' नाम की घातक बीमारी थी। यह बीमारी सरसों के तेल में मिलावट के तौर पर इस्तेमाल होने वाले सत्यानाशी ( जिसे गांव देहात में भड़भांड़ के नाम से जाना जाता है ) के बीजों के जहरीले तेल से हुई थी।
एम्स गोरखपुर की टीम ने न्यूरोलॉजी और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों की मदद से बीमारी के लक्षणों को पहचाना और समय रहते पिता-बेटे को सही इलाज देकर उनकी जान बचा ली। डॉक्टरों का कहना है कि खाद्य पदार्थों में ऐसी मिलावट के प्रति जनजागरूकता ही भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोक सकती है।

विज्ञापन